जीरकपुर। पीरमुछल्ला क्षेत्र में लोगों को अब आवाजाही के दौरान टूटी सड़कों के गड्ढों की वजह से परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी, बल्कि रंग बिरंगी इंटरलॉकिंग टाइल्स लगने से बिना गड्ढों की सड़क से लोग बिना किसी परेशानी के आवाजाही कर सकेंगे। यह जानकारी शुक्रवार को वार्ड-11 से पार्षद गुरजीत कौर पुनिया ने नगर काउंसिल की ओर से शुरू किए गए सड़क निर्माण कार्य के उद्घाटन के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले सदन में सड़क निर्माण कार्य को लेकर प्रस्ताव पारित हुआ था। इसके बाद हर बार कोई न कोई अड़चन आने के कारण काम अधर में लटका रहा है। लेकिन अब उन्होंने अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क साधकर इस कार्य को शुरू करवाया है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को वार्ड-11 से पार्षद गुरजीत कौर पुनिया ने एक कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें काउंसिल प्रधान उदयवीर सिंह ढिल्लों विशेष रूप से उपस्थित हुए। प्रधान ढिल्लों ने एचडीएफसी बैंक से लेकर शिवम होम्स सोसायटी तक सड़क निर्माण का शुभारंभ करवाया।
सदन में 38 लाख रुपये का फंड मंजूर
पार्षद गुरजीत कौर पुनिया ने बताया कि लोगों की समस्या को देखते हुए उन्होंने यह मामला सदन की बैठक में उठाया। इसके बाद सदन में प्रस्ताव पारित कर करीब 38 लाख रुपये मंजूर किए गए। वहीं, विधानसभा चुनाव और फिर सत्ता परिवर्तन के बाद काम रुकता ही चला गया, लेकिन उन्होंने प्रयास करना नहीं छोड़ा और लगातार अधिकारियों से संपर्क साधकर काम शुरू करवाया है। शुक्रवार को नगर काउंसिल की ओर से शुरू किए गए निर्माण कार्यों के दौरान गुरसेवक पुनिया, टीसी सागर, डेरा रहमन, मदन सैनी, राजीव मोहन, निर्भय सिंह, गगन सिंगला, दविंदर आदि स्थानीय लोग मौजूद थे। सभी ने नगर काउंसिल की ओर से शुरू करवाए कार्य का आभार व्यक्त किया।
फोटो सहित :
काउंसिल द्वारा पीरमुछल्ला में शुरू करवाए सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ करवाते हुए प्रधान ढिल्लों व पार्षद गुरजीत पुनिया।
गुरजीत कौर पुनिया की फाइल फोटो भी साथ प्रकाशित की जाए।