डेराबस्सी। चंडीगढ़-अंबाला मुख्य मार्ग पर स्थित गांव भांखरपुर निवासियों की ओर से दिल्ली में कृषि कानूनों के खिलाफ डटे किसानों के हक में रोष रैली निकाली गई। ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। रैली की कमांड गांव की महिलाओं व युवाओं ने संभाली थी। इस दौरान ग्रामीणों ने स्लोगन पोस्टर पकड़कर केंद्र सरकार व प्रधानमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन किया।
गांववासियों ने कहा कि प्रधानमंत्री अड़ियल रवैया दिखा रहे हैं जबकि उनको नहीं पता कि यह ही किसान हैं जिन्होंने उन्हें प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बिठाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को किसानों की भावनाओं को देखते हुए इन कानूनों को रद्द करना चाहिए। अब यह किसानों का संघर्ष नहीं बल्कि लोक लहर बन गई है। जिसमें देश के सारे वर्ग कूद पड़े हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही कानून वापस न लिए तो वह दिन दूर नहीं जब दिल्ली मिन्नी पंजाब में बदल जाएगी। रोष रैली के बाद गांव के नौजवानों ने हाईवे के किनारे खड़े होकर रोष जताया।