जीरकपुर। दयालपुरा गांव में स्थित दशमेश कुश्ती अखाड़ा के होनहार पहलवान राजवीर सिंह का चयन थाईलैंड में आयोजित होने वाली अंडर-15 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह उपलब्धि पूरे पुआध क्षेत्र के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है। खास बात यह है कि भारतीय टीम में पंजाब से राजवीर सिंह अकेले पहलवान हैं, जो देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
दशमेश कुश्ती अखाड़ा दयालपुरा के संचालकों ने बताया कि राजवीर सिंह पिछले आठ वर्षों से कुश्ती कोच रिंकू शर्मा के मार्गदर्शन में लगातार मेहनत कर रहे हैं। उनकी लगन और अनुशासन का ही परिणाम है कि आज वह अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना चुका है। इस दौरान कोच रिंकू शर्मा ने बताया कि 25 जून से 5 जुलाई तक आयोजित होने वाली इस एशियन चैंपियनशिप में राजवीर सिंह शानदार प्रदर्शन कर देश और पंजाब का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर अखाड़ा प्रबंधक प्रधान रजिंदर कुमार, वरिष्ठ उपप्रधान बलविंदर सिंह, सचिव जगविंदर सिंह छत्त, केशीयर जगदीप सिंह तथा सदस्य जसवीर सिंह और रुलदा सिंह ने राजवीर सिंह को बधाई देते हुए उनकी सफलता के पीछे कोच, परिवार और क्षेत्रवासियों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।