बरसाती नदी को मिट्टी डालकर उसका रुख बदलने के मामले में गांव नाडा के निवासी रामरत्न ने डीसी दलजीत सिंह मांगट, एसडीएम व पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। जानकारी के मुताबिक, शिकायत में उसने कहा कि इलाके के पार्षद गुरबचन सिंह व उसके साथी बावा सिंह और निमरदीप सिंह ने अपने निजी फायदे के लिए नदी में मिट्टी डलवाकर नदी का रुख बदल दिया है। जोकि अब उनके खेतों के नजदीक से होकर गुजर रहा है।
ऐसे में बरसात के दिनों में नदी का पानी बढ़ने से उनके खेत बह सकते हैं। उन्होंने बताया कि पार्षद ने नदी के पास कॉलोनी बनाने के लिए प्लॉट काटे हैं। पहले नदी का रुख प्लॉटों के पास से गुजर रहा था। बारिश के दिनो में प्लॉटों को नुकसान न पहुंचे। इसलिए उसने मिट्टी डालकर नदी का रुख बदल दिया।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को पार्षद ने इस जमीन पर टिप्पर से मिट्टी डाली। मौके पर पहुंचकर उन्होंने काम बंद करने के लिए कहा। लेकिन उनकी सुनी नहीं गई। इसके बाद रामरत्न ने वन विभाग को के अधिकारियों को फोन कर शिकायत दी। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर काम बंद करवाया। लेकिन आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाए उन्हें जाने दिया। वहीं उसने आरोप लगाया कि पार्षद गुरुबचन अकाली हलका इंचार्ज उजागर सिंह के करीबी हैं।
उनके इशारे पर यह काम हो रहा है। इस संबंध में उन्होंने उजागर सिंह से मुलाकात कर मामले की जानकारी दी। लेकिन उन्होंने शिकायतकर्ता को यह कहकर जाने को कह दिया कि ऐसी फालतू बातों के लिए उनके पास समय नहीं है। इसके बाद उन्होंने जिले के डीसी को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।