डेराबस्सी। मुबारिकपुर सड़क पर बने रेलवे अंडरपाथ में बारिश का पानी भरना शुरू हो गया है। पानी की निकासी के प्रबंध न होने के कारण राहगीरों को परेशान होना पड़ रहा है।
अंबाला-कालका रेलवे लाइन पर मुबारिकपुर में फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या के हल के लिए रेलवे विभाग ने डबल लेन अंडरपाथ का निर्माण किया था। इस अंडरपाथ के निर्माण के बाद राहगीरों को बड़ी राहत मिली थी, लेकिन नियमित देखरेख व साफ-सफाई न होने के कारण सड़क की हालत खराब हो गई है। इसके अलावा पानी की निकासी के लिए किए प्रबंध भी गंदगी फंसने से जाम हो गए हैं। पिछले दिनों हुई बारिश से यहां पानी जमा हो गया है। अब पानी सूख गया है तो कीचड़ जमा हो गया है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।
नगर परिषद के पूर्व उपप्रधान मनविंदर सिंह टोनी राणा ने कहा कि जब वह अंडरपाथ की साफ सफाई के लिए नगर परिषद के अधिकारियों से बात करते हैं तो बात रेलवे विभाग पर डाल दी जाती है। रेलवे विभाग के अधिकारी नगर परिषद की ओर से सफाई करवाने की बात कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं। डेराबस्सी के एसडीएम कुलदीप बावा ने कहा कि जल्द संबंधित विभाग को अंडरपाथ की साफ-सफाई व पानी की निकासी के पर्याप्त प्रबंध करने के लिए कहा जाएगा।