पंचकूला। बरसात के मौसम को देखते हुए वार्ड नंबर-12 की पार्षद सोनू बिड़ला ने शनिवार को गांव खड़ग मंगोली का दौरा कर में पानी की निकासी और सफाई व्यवस्था का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने देखा कि कई जगह नालियों में पानी की निकासी की सुचारु ढंग से नहीं हो रही है। उन्होंने सफाई सुपरवाइजर विनोद कुमार और सफाई मित्रों को सफाई व्यवस्था दुरस्त करने के निर्देश दिए।
भाजपा के एससी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सुदेश बिड़ला ने बताया कि पार्षद सोनू बिड़ला ने दौरा कर गांव की गलियों और नालियों का निरीक्षण किया। इस दौरान लोगों ने उन्हें बताया कि कई जगह नालियों में गाद अटकी हुई है। बरसात होते ही पानी ओवर फ्लो हो जाता है। इसके अलावा कई जगह सफाई की व्यवस्था भी ठीक नहीं है। उन्होंने सफाई सुपरवाइजर को मौके पर ही निर्देश दिए कि तुरंत सफाई की जाए। इस मौके पर पार्षद सोनू बिड़ला ने कहा कि भाजपा का गांवों के विकास पर विशेष ध्यान है। लोगों को किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी। इस मौके पर उनके साथ सचिव पिंटू केसरी के साथ गांव के लोग भी मौजूद थे।