जीरकपुर। घग्गर और चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन (ढकोली) के बीच स्थित लेवल क्रॉसिंग गेट नंबर 120-सी को रेलवे विभाग ने दो दिनों के लिए बंद करने का फैसला लिया है। रेलवे ट्रैक में जरूरी मरम्मत कार्य के चलते 9 दिसंबर सुबह 8 बजे से 10 दिसंबर रात 8 बजे तक यह गेट पूरी तरह बंद रहेगा। सीनियर सेक्शन इंजीनियर (पथ), उत्तरी रेलवे चंडीगढ़ ने एसडीएम डेराबस्सी को इस संबंध में पत्र भेजा है। इसमें बताया गया है कि ट्रैक की इमरजेंसी रिपेयरिंग अत्यंत जरूरी है, ताकि ट्रेनों के सुरक्षित संचालन के साथ-साथ सड़क मार्ग की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके। रेलवे विभाग ने एसडीएम से अनुरोध किया है कि गेट बंद रहने के दौरान ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए, ताकि वाहनों का संचालन सुचारू रूप से हो सके। नगर परिषद जीरकपुर के वार्ड-13 के सामाजिक कार्यकर्ता सुखबीर सिंह लवली ने कहा कि यह फाटक अक्सर गाड़ियों के अधिक आवागमन के कारण बंद रहता है। इसलिए लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ता है। जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इसलिए क्षेत्रवासियों की तरफ से उन्होंने मांग की है कि इस फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इन मार्गों से गुजरेंगे वाहन
गेट बंद रहने के दौरान सड़क यातायात के लिए वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और अनावश्यक परेशानी से बचें। पीरमुछल्ला क्षेत्र की सोसाइटियों के लोग जो ढकोली आना चाहते हैं। उनको कालका शिमला हाईवे से के-एरिया लाइट पॉइंट से ढकोली आना पड़ेगा। इसी प्रकार ढकोली एरिया के जो लोग पीरमुछल्ला की तरफ जाना चाहते हैं। उन्हें भी के-एरिया लाइट पॉइंट से घूम कर शेखो बैंक्वेट हॉल से घूमकर जान पड़ेगा।