मोहाली। पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख को एक बाद फिर से विदेशी नंबर से व्हाट्सएप पर धमकी मिली है। इससे पहले भी बंबीहा ग्रुप की तरफ से मनकीरत औलख को धमकी मिली थी। मनकीरत औलख को उनके ऑफिशियल नंबर पर धमकी भरा मैसेज मिला है जोकि पंजाबी में लिखा हुआ है। उसके बाद औलख के मैनेजर की धमकी देने वाले नंबर पर व्हाट्सएप बात भी हुई। इसमें साफ तौर पर मनकीरत को मारने के लिए बोला जा रहा है। इस मामले में मनकीरत औलख ने एसएसपी मोहाली को शिकायत दी है। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। जिस नंबर से मनकीरत औलख को धमकी मिली है, उसकी डिटेल निकालने का प्रयास किया जा रहा है ताकि पता लगाया जा सके कि ये कहां का नंबर है और किस गैंग द्वारा इस बात को अंजाम दिया गया है।
पंजाबी में लिख कर दी थी धमकी......
मनकीरत औलख को धमकी भरे मैसेज में लिखा है कि तैयारी कर ले मेरे पुत्त, तेरा टाइम आ गया। चाहे तेरी जनानी होवे चाहे तेरा बच्चा होवे सानू कोई फरक नी पैंदा पुत्त, तेरा नंबर लाऊना हुंदा, ऐह ना सोची की तैनू धमकी दे के कोई मजाक कीता, नंबर लाना पुत्त किद्दा लगदा देखी चल्ल पुत्त तेरे नाल की-की होणा। जिस नंबर से यह मैसेज आया कॉलर पर उसका नाम प्रीत आ रहा है। यह मैसेज मिलने के बाद मनकीरत औलख के मैनेजर ने उस नंबर पर बातचीत की।
मैनेजर व धमकी देने वाले के बीच 30 सेकेंड की बातचीत
मैनेजर -पाजी कौन बोल रहे हो दस्सोगे तुंसी
धमकी - दस्सांगे जरूर वेट करो दो चार दिन लगेगा तुंहानू पता
मैनेजर -कौन बोल रहे हो नाम तो बताओं कहां से बोल रहे हो
धमकी- नाम तुम्हें मिलकर बताएंगे अच्छी तरह
मैनेजर -क्या मैसेज लगाना है मनकीतर भाजी को
धमकी-बता देना कि टाइम थोड़ा है तुम्हारे पास
मैनेजर-कहां से बोल रहे हो वैसे
धमकी- कहीं से भी बोल सकते हैं तुम्हारे पास से भी कर लो तैयारी
पिछले साल मनकीरत औलख की कोई कर रहा था रैकी
पंजाबी सिंगर सिद्धू मुसेवाला की हत्या के बाद मनकीरत औलख को गैंगस्टरों से धमकियां मिलनी शुरू हो गई थी। पिछले साल मोहाली के सेक्टर-76 स्थित होमलैंड हाइट्स में मनकीरत औलख की रैकी भी हुई थी। उस समय मनकीरत द्वारा पुलिस को शिकायत देते हुए बताया गया था कि जब वो किसी काम से वापस अपने फ्लैट पर आए तो दो बाइक सवार उनकी रैकी कर रहे थे जो कि सीसीटीवी कैमरा में भी कैद हुए थे। जिसके बाद सोहाना थाना पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था।
बंबीहा गैंग से मिल चुकी है धमकी
पंजाबी गायक सिद्धू मुसेवाला की हत्या के बाद लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप द्वारा इसकी जिम्मेवारी ली गई थी। सिद्धू मुसेवाला और मनकीरत औलख में आपस में विवाद चल रहा था। मनकीरत विक्की मिड्डूखेडा का करीबी था। विक्की की हत्या बंबीहा गैंग ने करवाई थी। इसलिए लॉरेंस के राइव गैंग बंबीहा ग्रुप की तरफ से मनकीरत औलख को भी धमकी दी गई थी। इसके बाद मनकीरत कुछ समय के लिए अपने परिवार के पास विदेश चले गए थे, हालांकि बाद में उन्होंने साफ किया कि उनकी पत्नी की डिलीवरी होनी थी इसलिए वो विदेश गए थे।