मोहाली। चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सेंट्रा मॉल के नाइट क्लब में वीरवार तड़के फोटो खींचने और वीडियो बनाने को लेकर बहस के बाद पंजाब पुलिस के मुलाजिम और उसके साथियों ने एक बाउंसर पर तलवारों से हमला कर उसका अंगूठा काट दिया था। बाउंसर नरेंद्र पर हमला मोहाली में तैनात डीएसपी चाइल्ड क्राइम अजीत पाल सिंह के गनमैन रमनदीप सिंह ने किया था। रमनदीप को मोहाली के एसएसपी ने सस्पेंड कर उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने घायल के बयान पर पंजाब पुलिस के मुलाजिम रमनदीप सिंह और अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था। हालांकि, अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। रमनदीप फरार बताया जा रहा है। चंडीगढ़ पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार आरोपी मुलाजिम रमनदीप फेज-11 पुलिस लाइन में बने क्वार्टर में रहता है। वह बीते बुधवार की रात सेंट्रा मॉल स्थित क्लब में गया था। उसने क्लब में शराब पी। वीरवार तड़के करीब चार बजे क्लब में बाउंसर नरेंद्र के साथ फोटो और वीडियो बनाने को लेकर कहासुनी हो गई। हालांकि उस समय कुछ बाउंसरों ने मामला शांत करवा दिया था और रमनदीप को क्लब से बाहर भेज दिया लेकिन कुछ देर बाद रमनदीप कुछ अन्य युवकों के साथ फिर क्लब आ गया। उसने बाउंसर नरेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। नरेंद्र के सिर और बाजू पर तलवार से हमला किया गया। इस हमले में नरेंद्र के एक हाथ का अंगुठा कट गया था। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गया था। वहींए लहूलुहान नरेंद्र को सेक्टर-33 स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया और यहां पर उसके हाथ में 30 टांके लगे हैं।