मोहाली। आईपीएल 2026 के रण के लिए पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने अपनी कमर कस ली है। शुक्रवार को सेक्टर-67 में आयोजित एक भव्य समारोह में टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर और स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने सीजन की नई आधिकारिक जर्सी का अनावरण किया। इस बार टीम की जर्सी पर प्रमुखता से टाइटल स्पॉन्सर सीपी प्लस का लोगो चमक रहा है। इस मौके पर कप्तान श्रेयस अय्यर ने साफ कर दिया कि इस बार उनकी और पूरी टीम की नजरें सिर्फ और सिर्फ आईपीएल ट्रॉफी पर टिकी हैं। अय्यर ने कहा कि उम्मीदें बहुत हैं और मुझे चुनौतियां पसंद हैं। जब भी हम मैदान पर उतरेंगे, हमारा लक्ष्य जीत होगा।
चोट के बाद वापसी की कठिन डगर
अय्यर ने अपने निजी संघर्ष को साझा करते हुए बताया कि चोट के बाद वापसी करना आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि मैंने करीब सात किलो वजन कम कर दिया था, जिसे वापस पाना एक बड़ी चुनौती थी। लेकिन आज मैं गर्व से अपनी टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हूं। प्रशंसकों द्वारा उन्हें दिए गए सरपंच साहब के नाम पर उन्होंने खुशी जाहिर की।
30 हजार दर्शक जब साथ भागते हैं : अर्शदीप
स्थानीय स्टार अर्शदीप सिंह ने घरेलू मैदान (मुल्लनपुर) पर खेलने के उत्साह को बयां किया। उन्होंने कहा कि जब दर्शक चीयर करते हैं, तो ऐसा महसूस होता है कि 30,000 लोग मेरे साथ रन-अप में दौड़ रहे हैं। यह दबाव नहीं, बल्कि एक सौभाग्य है। अर्शदीप ने फ्रेंचाइजी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पंजाब किंग्स ने उस समय उनका साथ दिया जब किसी और को उन पर भरोसा नहीं था।
मैदान से ज्यादा गेम रूम में बन रही रणनीति
मैच की रणनीतियों पर बात करते हुए कप्तान ने बताया कि फिलहाल टीम होटल में फीफा खेलकर और साथ समय बिताकर आपसी तालमेल बढ़ा रही है। अय्यर के अनुसार, मैदान पर बेहतर प्रदर्शन के लिए ऑफ-फील्ड बॉन्डिंग सबसे अहम है। इस अवसर पर पंजाब किंग्स के सीईओ सतीश मेनन, सीइओ सौरभ अरोड़ा और सीपी प्लस के निदेशक अनूप नायर व संजय गोगिया भी मौजूद रहे।