डेराबस्सी। शिरोमणि अकाली दल के कोषाध्यक्ष और पूर्व विधायक एनके शर्मा ने मोहाली में कबड्डी खिलाड़ी की हत्या की कड़ी निंदा की है। आज यहां जारी एक बयान में एनके शर्मा ने कहा कि पंजाब के लोगों को रंगला पंजाब का सपना दिखाने वाली आम आदमी पार्टी सरकार खिलाड़ियों को सुरक्षा देने में पूरी तरह नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल सरकार के कार्यकाल में पंजाब के हर गांव और कस्बे में खेल उत्सव सफलतापूर्वक आयोजित किए गए, लेकिन जब से आम आदमी पार्टी सरकार सत्ता में आई है, खेल मैदानों में खिलाड़ियों की हत्याएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि 2022 में नकोदर में संदीप नांगल, इस साल अक्तूबर जगराओं में तेजपाल सिंह, नवंबर में लुधियाना में खिलाड़ी गुरविंदर सिंह और अब दिसंबर में मोहाली में राणा बलाचौरिया की हत्याओं से खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में बहुत गुस्सा है।