मोहाली। शहर को वर्ष 2006 में जिला बना दिया गया था। इसके बाद जिले के विकास ने काफी रफ्तार पकड़ी। लेकिन लोगों को सुविधाएं उस गति के हिसाब से नहीं मिलीं। शहर के विस्तार का अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि शहर की लाइफलाइन कही जाने वाली एयरपोर्ट रोड भी 21.2 किलोमीटर लंबी है। इसके अलावा न्यू चंडीगढ़ से लेकर एरोट्रोपोलिस तक इलाके का विस्तार होने के बावजूद शहर में एक ही फायर ब्रिगेड स्टेशन फेज-1 में था। इस कारण शहर के दूसरे कोने एरोसिटी में आग लगने की घटना के बाद दमकल विभाग को पहुंचने में देर हो जाती थी।
आगजनी की घटना के दौरान दमकल विभाग के कई बार देरी से पहुंचने के कारण लोगों का लाखों रुपये का नुकसान हो जाता था। इस पर इलाके के लोग लंबे समय से निगम से दूसरा फायर स्टेशन बनाने की मांग कर रहे थे। लोगों की मांग जायज लगने के बाद इस बारे में निगम के अधिकारियों ने सदन की बैठक में कई बार चर्चा की और इसके बाद सेक्टर-78 में गुरुद्वारा श्री सिंह शहीदां के पास नया फायर ब्रिगेड स्टेशन बनाने का फैसला किया। इसकी मंजूरी मिलने के बाद वहां फायर स्टेशन बनाने का काम शुरू हुआ। बिल्डिंग बनकर तैयार हो गई और इसके बाद आनन फानन इसका उद्घाटन तत्कालीन कैबिनेट मंत्री डॉ. इंदरवीर सिंह निज्जर ने 18 मई, 2023 को कर दिया था, जबकि वहां पर अभी काफी सुविधाओं की कमी थी। फायर ब्रिगेड स्टेशन बनने के बाद से वहां काम करने वाले कर्मचारी आग लगने की स्थिति में आसपास की फैक्टरी से पानी भरकर काम चला रहे हैं, क्योंकि वहां पर अभी तक वाटर मोटर पंप रूम और ट्राइडेंट नहीं बन पाया है। अब विभाग ने इसे 48.30 लाख रुपये से बनाने का फैसला किया है और तीन महीने में यह बनकर तैयार हो जाएगा।
हथियार के बिना लड़ाई करने जैसा है बिना पंप रूम के काम करना
विशेषज्ञों के मुताबिक इमारत के उद्घाटन के बाद कर्मचारियों ने बेशक वहां से काम करना शुरू कर दिया है, लेकिन पंप रूम नहीं होना बड़ी समस्या है। बिना पानी के आग बुझाना तो बिना हथियार के सुरक्षा के लिए सीमा पर लड़ाई करने जैसा है। निगम को इमारत शुरू करने से पहले सभी सुविधाएं देनी चाहिए थीं और इसके बाद स्टाफ तैनात करना चाहिए था। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी अब आगजनी की घटना के दौरान आसपास की फैक्टरियों से पानी भरने को मजबूर हैं।
दूसरे प्रदेश के फायर फाइटर को भी प्रशिक्षण की योजना
फायर ब्रिगेड स्टेशन के उद्घाटन के मौके पर मंत्री डॉ. इंदरवीर सिंह निज्जर ने कहा था कि मोहाली में फायर ब्रिगेड स्टेशन के साथ ही पंजाब फायर सर्विस ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट भी खोला जाएगा। पंजाब के आसपास के कई प्रदेशों में ऐसा इंस्टीट्यूट नहीं है। इसका फायदा पंजाब के साथ-साथ विभिन्न प्रदेशों के युवाओं को भी होगा। फायरमैन की ट्रेनिंग अब इसी इंस्टीट्यूट में करवाई जाएगी और अन्य प्रदेशों के फायर फाइटर भी यहां से ट्रेनिंग ले सकेंगे। इससे सरकार की कमाई भी होगी।
कोट
फायर ब्रिगेड स्टेशन को बनाने के बाद अब जरूरत के हिसाब से वहां पर काम कराने के लिए विभाग को लिखा गया था। जल्द ही इमारत की सभी जरूरतों का सामान लाया जाएगा। -जसविंदर सिंह, जिला दमकल अधिकारी।