मोहाली। चंडीगढ़ साइकिल पर सैर करने जा रहे पुडा के जेई को एक टैक्सी चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोर से लगी कि साइकिल टूटने से जेई खुशप्रीत सिंह गंभीर घायल हो गए और इससे उनकी दाईं बाजू टूट गई। इस मामले की सूचना उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम पर दी तो पीसीआर मुलाजिम मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। इसके बाद पुलिस ने उनके बयान दर्ज किए। जांच के बाद पुलिस ने टैक्सी चालक पर मामला दर्ज कर लिया। जेई खुशप्रीत सिंह निवासी सेक्टर-71 ने बताया कि वह साइकिल पर सैर करने सुबह निकले और साइकिल के पीछे लाल लाइट भी जल रही थी। सुबह करीब साढ़े पांच बजे मदनपुर चौक के पास पहुंचे तो पीछे से एक टैक्सी कार आई और साइकिल में टक्कर मार दी। टैक्सी कार चालक उतरकर आया और नाम उपिंदर सिंह निवासी कुंभड़ा बताया है। इस दौरान उन्होंने टैक्सी का नंबर नोट कर लिया।