मोहाली। शिक्षा विभाग की आरे से प्रदेश के सभी सरकारी स्कूल में सोमवार से सितंबर की परीक्षाओं का आयोजन होगा। इसको लेकर विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और यह परीक्षाएं ऑफलाइन तरीके से आयोजित की जाएंगी। दूसरी ओर, परीक्षाओं को लेकर छात्रों में उत्साह देखने को मिल रहा हैं, क्योंकि कोरोना महामारी के चलते छात्र पिछले डेढ़ साल से अपने घरों में ही ऑनलाइन पढ़ रहे हैं।
अलग-अलग शिफ्ट में होगा परीक्षाओं का आयोजन :
जानकारी के मुताबिक, 8वीं, 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं सुबह 9 और 6ठीं, 7वीं, 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं दोपहर 12 बजे वाली शिफ्ट में आयोजित होंगी। परीक्षाओं में विद्यार्थियों से अप्रैल से मई तक के सिलेबस से 25 फीसदी और जुलाई से अगस्त के सिलेबस से 75 फीसदी प्रश्न पूछे जाएंगे। विभाग द्वारा परीक्षाओं की तारीखों में शामिल विषयों के प्रश्न पत्र सॉफ्ट कॉपी के रूप में हेड ऑफिस से जारी होंगे और बाकी विषयों से जुड़े प्रश्न पत्र स्कूल द्वारा अपने स्तर पर तैयार किए जाएंगे।
वहीं, 8वीं और 10वीं क्लास के अंदर जिन विषयों का नेशनल अचीवमेंट सर्वेक्षण होना हैं, उन विषयों के प्रश्न पत्रों का पेटर्न नेशनल अचीवमेंट सर्वेक्षण पर आधारित होगा, जिनके के लिए शीट हेड ऑफिस द्वारा जारी की जाएगी। दूसरी ओर, प्राइमरी क्लास के विद्यार्थियों की परीक्षाएं 13 सितंबर से होंगी, जिनमें तीसरी, चौथी व पांचवीं क्लास शामिल हैं और इनके लिए प्रश्न पत्र हेड ऑफिस द्वारा जारी होंगे। परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों से अगस्त तक के सिलेबस में से 20-20 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिसका प्रत्येक प्रश्न 2 अंक का होगा। वहीं, तीसरी क्लास की परीक्षा सुबह 9, पांचवीं क्लास की परीक्षा सुबह साढ़े 10 और चौथी क्लास की परीक्षा दोपहर 12 बजे आयोजित की जाएंगी।