चप्पड़चिड़ी के बाद अब फेज 3बी2 की मार्केट में खोले जा रहे शराब के ठेके का विरोध शुरू हो गया है। निशुल्क दस्तार सिखलाई सेंटर की बिल्डिंग के निचले हिस्से में ठेका खोला जा रहा है। इलाके की सिख संगत ने ठेके के विरोध में बुधवार को एक मीटिंग बुलाई। इसमें सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया कि इस जगह पर किसी भी हालत में ठेका नहीं खुलने दिया जाएगा।
कलगीधर सेवक जत्थे के प्रधान जतिंदरपाल सिंह जेपी ने बताया कि पिछले कई वर्ष से इस जगह पर गुरमति क्लास और फ्री दस्तार सिखलाई सेंटर चलाया जा रहा है। इसमें बड़ी संख्या में नौजवान और बच्चे आते हैं। सिखलाई सेंटर के बिल्कुल नीचे शराब का ठेका खोला जाना किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यहीं नहीं इसके बिल्कुल सामने गुरुद्वारा साचा धन साहिब है। वहां पर सुबह और शाम बड़ी संख्या में संगत माथा टेकने आती है। ठेके के विरोध में गुरुद्वारा साहिब की प्रबंधकीय कमेटी ने भी विभाग को कई बार पत्र लिखा है। जहां पर ठेका खोला जा रहा है, उसके पास ही एक प्राइवेट स्कूल है। जेपी ने कहा कि किसी भी हालत में ठेका इस जगह पर खोलने नहीं दिया जाएगा अगर जबरदस्ती इस ठेके को खोलने की कोशिश की गई तो इस संबंध में संघर्ष शुरू कर दिया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।