टिप्पर को घेर कर क्षेत्र में हो रही अवैध माइनिंग के बारे में जानकारी देते खिजराबाद के लोग।
- फोटो : MOHALI
कुराली। ब्लॉक माजरी में चल रही अवैध माइनिंग को लेकर गांव खिजराबाद के लोगों ने टिप्परों को घेरकर जाम लगा दिया। लोगों ने पुलिस को शिकायत देकर अवैध माइनिंग को बंद करवाने की मांग की।
गांव के ग्रिड के पास माइनिंग के लिए बनाए कच्चे रास्ते पर लोगों ने टिप्परों को घेर लिया। रोष प्रदर्शन करते हुए लोगों ने बताया कि कंडी क्षेत्र के गांवों में माइनिंग का काम बडे़ स्तर पर चल रहा है। सड़कों पर दिन-रात दौड़ते टिप्परों के कारण सड़कें टूट चुकी हैं, वहीं फैल रहे प्रदूषण और प्रतिदिन हो रहे हादसों के कारण लोग परेशान हैं। लोगों ने बताया कि माजरी में माइनिंग की कोई मंजूरी न होने के बावजूद यह धंधा जोरों पर चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि माइनिंग पर पाबंदी होने के बावजूद क्षेत्र में सियासी सरपरस्ती में अवैध माइनिंग और क्रशर का धंधा चल रहा है, जिसका खामियाजा गांव वासियों को भुगतना पड़ रहा है।
सरपंच गुरिंद्र सिंह, सुखदेव सिंह, जसविंद्र सिंह और अन्य लोगों ने बताया कि खिजराबाद से बिंदरख को जाने वाली सड़क गांव के बिजली ग्रिड को जोड़ती है, उसको भी खनन माफिया द्वारा टिप्पर लेकर आने-जाने के लिए प्रयोग किया जा रहा है। इससे गांव के किसानों का नुकसान हो रहा है। बिजली के खंभे आदि भी क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। टिप्परों का विरोध कर रहे सुखदेव सिंह ने माफिया द्वारा धमकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित तौर पर शिकायत भी दी। थाना माजरी के एसएचओ जगजीत सिंह ने कहा कि मामला उनके ध्यान में आ गया है और शिकायत संबंधी आगे की कार्रवाई करने के लिए दोनों पक्षों को थाने में बुलाया गया है।