प्रदर्शनी के दौरान अपनी पेंटिंग्स के साथ कलाकार।
- फोटो : MOHALI
मोहाली। शहर में शुक्रवार को पेंटिंग्स के रूप में रंगों का जादू बिखरा। ऑयल, पेस्टल, एक्रिलिक से तैयार पेंटिंग्स शुक्रवार को बेस्टेक स्क्वायर मॉल में अपना जलवा बिखेर रहीं थीं। देश के विभिन्न हिस्सों और दुबई से आए एक कलाकार की कृतियां यहां रखीं गईं। पेंटर्सडेन आर्ट वर्क्स और बीएचएस ग्रुप ने 12 कलाकारों के आर्ट वर्क यहां रखे। इसे ओरिजिन आर्ट फेयर नाम दिया गया।
फेयर में करीब 100 आर्ट वर्क लोगों के सामने प्रदर्शित किए गए। इनमें यथार्थवादी, अमूर्त और आधुनिक कला का अच्छा संगम था, जिसने लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा। दुबई से आए अंजनी प्रकाश ने अपने आर्ट वर्क को प्रदर्शित किया। उनके अलावा जयपुर के प्रकाश प्रजापति, फरीदाबाद की विनीत चौधरी, दिल्ली के गुरदीप शर्मा, यतिन मारवाह, आरती मेहता, युवराज बजाज, गोवा की रीना शिरोडकर, पंचकूला की सुनीता हांडू, अमृतसर की सिंपल छाबड़ा, उत्तर प्रदेश के अभिषेक श्रीवास्तव व पेंटर्सडेन आर्ट वर्क्स की संस्थापक संजना शर्मा के आर्ट वर्क भी शामिल थे।
शुक्रवार को शुरू हुआ ये आर्ट फेयर सोमवार तक लोगों के लिए खुला रहेगा। इस मौके पर गुरु द्रोणाचार्य अवार्डी भूपिंदर सिंह नंदा, मिसेज इंडिया 2018 संजना शर्मा, पेंटर गुरदीप शर्मा व गुरदीप धीमान मौजूद रहे। भारतीय जनता युवा मोर्चा चंडीगढ़ के प्रवक्ता विक्रम बावा विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए। फेयर के दौरान रविवार को ओपन पेंटिंग प्रतियोगिता रखी गई है, जिसमें कोई भी हिस्सा ले सकता है।
प्रदर्शनी के दौरान अपनी पेंटिंग्स के साथ कलाकार संजना शर्मा।- फोटो : MOHALI