खरड़। पंजाब सरकार द्वारा जिला मोहाली के घडुआं, खिजराबाद कानूनगो सर्कल और कुराली क्षेत्र को जिला रोपड़ में शामिल करने की प्रस्तावित कार्रवाई के विरोध में बार एसोसिएशन खरड़ का रोष धरना एसडीएम परिसर खरड़ में सातवें दिन भी जारी रहा। धरने में पहुंचे भाजपा नेता रणजीत सिंह गिल ने कहा कि पंजाब के लोगों ने आम आदमी पार्टी से बड़ी उम्मीदों के साथ सरकार बनाई थी, लेकिन आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और नशा जैसे मुद्दों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। पंजाब व्यापार के मामले में पिछड़ चुका है और लोग निराश हैं। गिल ने चेतावनी दी कि यदि मोहाली के गांवों को प्रशासनिक रूप से रोपड़ में जोड़ने की कोशिश की गई तो भाजपा किसी भी कीमत पर ऐसा नहीं होने देगी। एडवोकेट सुशांत कौशिक ने बताया कि धरने के तीसरे दिन चमकौर साहिब के विधायक ने आश्वासन दिया था कि 35 गांव मोहाली का हिस्सा ही रहेंगे, लेकिन अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं है।
सरकार से स्पष्ट फैसला लेने की मांग
खरड़ हलका विधायक ने अब तक धरने में आकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। इस दौरान किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर और किसान यूनियन लखोवाल से जुड़े नेताओं ने भी धरने को समर्थन दिया तथा सरकार से तुरंत स्पष्ट फैसला लेने की मांग की। क्षेत्र के पंच-सरपंच, किसान, सामाजिक संगठन और वकील बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।