मोहाली। शहर के दो नए सेक्टरों के हजारों लोगों को सेहत विभाग ने तोहफा दिया है। अब उन्हें घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने सोमवार को सेक्टर-69 और सेक्टर-79 में दो शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का नींव पत्थर रखा। इस काम पर 1.7 करोड़ रुपये लागत आएगी।
सेहतमंत्री ने कहा कि मोहाली जिले के गांवों और शहरी क्षेत्रों में व्यापक विकास कार्य शुरू किए गए हैं। फेज-6 स्थित मेडिकल कॉलेज में 7 ऑपरेटिंग थिएटरों वाला बहुमंजिला ब्लॉक बनाया जा रहा है। जुझार नगर और बहलोलपुर की पंचायतों द्वारा आवंटित 10 एकड़ से अधिक जमीन अब मेडिकल कॉलेज का हिस्सा है। जल्द कॉलेज भवन का शिलान्यास किया जाएगा।
सेक्टर-66 में सिविल अस्पताल बनाने का प्रस्ताव
सेहतमंत्री बलबीर सिंह सिद्धू का कहना है कि सेक्टर-66 में एक सिविल अस्पताल स्थापित करने का प्रस्ताव है। इसके लिए गमाडा से जमीन लेने की कार्रवाई की जा रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में काम किया जाएगा। गांव सनेटा में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किया जाएगा और एरोसिटी में एक औषधालय स्थापित बनेगा। इसके साथ ही सरकार ने कोरोना जांच तेज कर दी है। अब कोरोना के मामले घटना शुरू हो गए हैं।
इस अवसर पर नगर निगम के मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू, डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री के राजनीतिक सलाहकार हरकेश चंद शर्मा और सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौर सहित अन्य नेता एवं अधिकारी उपस्थित रहे।