मोहाली। पंजाब सरकार द्वारा दिसंबर माह के पहले हफ्ते में नगर निगम व नगर काउंसिलों के चुनाव करवाए जा सकते हैं। इसको लेकर निकाय विभाग की तरफ से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इतना ही नहीं वार्डबंदी के अनुसार नई वोटर लिस्ट बनाने के लिए राज्य के सभी जिलों के चुनाव अधिकारियों को पत्र भेज दिया गया है। इसके तहत एक हफ्ते में प्राथमिक वोटर सूची तैयार करने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही मोहाली समेत अन्य शहरों की वार्डबंदी का काम भी पूरा करने के लिए आदेश दिए गए हैं। हालांकि जहां तक नगर निगम मोहाली की वार्डबंदी की बात की जाए तो इस संबंधी खाका तैयार कर निगम दफ्तर में रखा गया था। इसके बारे में लोगों से आपत्तियां मांगी गई थी। इसके तहत कुल 41 लोगों ने अपनी आपत्तियां दर्ज करवाईं। अब यह आपत्तियां सहायक कमिश्नर की टिप्पणी के साथ निकाय विभाग को भेजी जा रही हैं, जिसके बाद मोहाली नगर निगम की वार्डबंदी का काम होगा।