खरड़। शहर में बनी कॉलोनियों में चल रहे पीजी हाउसों की पावरकॉम की टीम ने चेकिंग की। चेकिंग के बाद पीजी मालिकों को जुर्माना भी लगाया गया। पावरकॉम खरड़ के एसडीओ स्वर्णजीत सिंह ने बताया कि रेजीडेंटस वेलफेयर एसोसिएशन जीबी क्रस्ट की ओर से शिकायत दी गई थी कि उनकी कॉलोनी में बिजली की वोल्टेज बहुत कम आ रही है, इसलिए बिजली की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए और ट्रांसफॉर्मर रखे जाएं। उन्होंने यह भी लिखा था कि यहां अनेक पीजी बने हुए हैं। पावरकॉम खरड़ के एसडीओ स्वर्णजीत सिंह के नेतृत्व में चेकिंग टीम में जेई दविंदर सिंह, जेई जतिंदर सिंह, लाइनमैन काका सिंह, सहायक लाइनमैन केवल सिंह तथा मीटर रीडर कंपनी के सुपरवाइजर गुरजीत सिंह समेत अन्य स्टाफ शामिल था। चेकिंग टीम की ओर से जीबी क्रस्ट कॉलोनी में बने हुए अलग- अलग पीजी की चेकिंग की गई, जहां लोड में भी खामियां पाई गई। कई पीजी में मंजूर लोड से अधिक लोड का इस्तेमाल किया जा रहा था। चेकिंग टीम की ओर से जुर्माना लगाया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि जरूरत के अनुसार अपना बिजली का लोड बढ़ा लें क्योंकि यह चेकिंग अभियान भविष्य में भी चलता रहेगा।