मोहाली। एरोसिटी के निवासियों को बुधवार को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। इलाके में रात करीब 2 बजे बिजली गुल हुई, जो कि दोपहर करीब 3 बजे जाकर बहाल हो सकी। करीब 13 घंटे तक लगातार बिजली कटौती ने लोगों को बेहाल कर दिया, खासकर बुजुर्गों और छोटे बच्चों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। भीषण उमस और गर्मी में बिना, एसी, पंखे और कूलर के रहना लोगों के लिए मुश्किल भरा रहा। लोगों का कहना है कि आए दिन बिना किसी पूर्व सूचना के पावर कट हो रहे हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं, स्थानीय निवासी अशोक कुमार ने बताया कि बिना बताए इतनी लंबी बिजली कटौती पहले कभी नहीं देखी। उमस के कारण रातभर नींद नहीं आई। वहीं पूजा शर्मा, एक गृहिणी ने कहा कि बच्चे स्कूल से आए तो बहुत परेशान थे, न पंखा चल रहा था न पानी ठंडा था। बार-बार ऐसी स्थिति होती है।
लोगों ने शिकायत भी की, लेकिन बिजली विभाग की ओर से कोई स्पष्ट जवाब या ठोस कार्रवाई नहीं हुई। निवासियों ने मांग की है कि बिजली कटौती के बारे में पहले से सूचना दी जाए और समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।