बिजली कटौती को लेकर प्रदर्शन करते संगठन के लोग। संवाद
मोहाली। सेक्टर-67 के निवासियों को कई दिनों से बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। रोजाना 12 से 15 घंटे तक बिजली कटौती के चलते क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ-साथ लोगों की परेशानी भी बढ़ती जा रही है। रिहायशी इलाकों में बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि रात के समय बिजली न होने से नींद और स्वास्थ्य दोनों पर असर पड़ रहा है। वहीं, वर्क फ्रॉम होम करने वाले कर्मचारियों को कामकाज में भी दिक्कतें आ रही है। बिजली आपूर्ति की अनियमितता को लेकर सेक्टर-67 की रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने पीएसपीसीएल के सीनियर एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने एक मांग पत्र सौंपते हुए जल्द समाधान की अपील की। एसोसिएशन के अध्यक्ष एनएस कलसी और महासचिव सतीश कुमार बग्गा ने बताया कि क्षेत्र में ट्रांसफार्मर फेल होना, केबल फॉल्ट और फीडर ओवरलोड जैसी समस्याएं अब आम हो गई है।
लगातार शिकायतों के बावजूद स्थाई समाधान नहीं किया गया है। इस पर पीएसपीसीएल अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि तकनीकी समस्याओं को जल्द दूर किया जाएगा। साथ ही बताया गया कि क्षेत्र में एक नया ग्रिड लगाने की योजना है और सीपी-67 से अलग लाइन डालने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। फिलहाल क्षेत्रवासी उम्मीद कर रहे हैं कि बिजली आपूर्ति जल्द बहाल होगी और आने वाले दिनों में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।