मोहाली। आए दिन महिलाओं में बढ़ रहे कैंसर को रोकने के लिए चल रही जंग में अब पंजाब पुलिस भी अपनी अहम भूमिका निभाएगी। इतना ही नहीं पुलिस महिलाओं की गायनी संबंधी समस्याओं और शिक्षा के स्तर को उठाने के लिए सहयोग करेगी। इसके लिए पुलिस की ओर से स्पेशल जागरूकता मुहिम चलाई जाएगी। इसमें कई संस्थाओं को साथ मिलाकर काम किया जाएगा। अगर सब कुछ सही रहा तो 10 मार्च के बाद इस दिशा में काम शुरू हो जाएगा।
वीरवार को जिला सांझ केंद्र की इंचार्ज सुखप्रीत कौर ने इस मामले को लेकर सांझ केंद्र के कमेटी सदस्यों के साथ एक आपात बैठक की। उन्होंने कहा कि महिलाओं में कैंसर और गायनी के रोग बढ़ रहे हैं। जिसकी सबसे बड़ी वजह महिलाओं को इस बारे में उचित जानकारी न होना है। उन्होंने कहा कि अब पुलिस के सांझ केंद्र इस मामले में अहम भूमिका निभाएंगे। उनके उच्च अधिकारियों ने इसके लिए एक विशेष प्लान बनाया है। इसके लिए अब समाज सेवी संस्थाओं और निजी अस्पतालों के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें अधिक से अधिक लोगों को शामिल किया जाएगा। कोशिश यहीं रहेगी कि महिला इन रोगों की गंभीरता को समझे। वह अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों को निभाते हुए अपनी सेहत की तरफ ध्यान दे पाएं।
इस दौरान उन्होंने सांझ केंद्र समिति के सदस्यों की राय भी जानी है। वहीं, उन्होंने कहा है कि अगर उनके पास कोई सुझाव है तो उनके साथ साझा करें, जिससे इस योजना पर अच्छे तरीके से काम किया जा सके। जिला सांझ केंद्र समिति के सदस्य हरभजन सिंह की तरफ से सोसाइटी के आई कार्ड बनाने संबंधी सुझाव दिया गया। इस मौके पर आई कार्ड का प्रोफार्मा तैयार किया गया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों में हरभजन सिंह, अजीत सिंह, एडवोकेेट राकेश कुमार, हरपाल चन्ना, परमजीत सिंह पसरीचा और जिला सांझ साफ्टेवयर ट्रेनर एएसआई दविंदर सिंह नेगी मौजूद थे।
पांच मार्च को निकालेंगे जागरूकता रैली
महिलाओं को कैंसर, गायनी और अन्य दिक्कतों के बारे में जागरूक करने के लिए पांच मार्च को एक जागरूकता रैली निकाली जाएगी। यह रैली थाना फेज-8 से सेक्टर-76 स्थित जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स तक जाएगी। इसमें काफी संख्या में लोगों को शामिल किया जाएगा। वहीं, कोशिश यहीं रहेगी कि महिलाएं उक्त बीमारियों की गंभीरता को समझें। शरीर में हो रहे परिवर्तन को हलके में न लें। शरीर के किसी भी हिस्से में कोई गिल्टी है तो उसे नजरअंदाज न करें। तिल या मस्से में कोई परिवर्तन या ब्रेस्ट के पास कोई गांठ हो तो उस पर भी नजर रखें। हफ्ते में दो बार महिलाएं सेल्फ स्क्रीनिंग करें। ब्रेस्ट से लाल पानी रिसने पर और ब्रेस्ट की बनावट में परिवर्तन होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।