जीरकपुर। बीते दिनों बठिंडा माल रोड व्यपार यूनियन के प्रधान हरजिंदर सिंह मेला के कत्ल मामले में बलटाना में होटल से गिरफ्तार तीन गैंगस्टरों में से दो को डेराबस्सी अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। इन्हें मंगलवार को दोबारा डेराबस्सी अदालत में पेश किया तो अदालत ने उन्हें दो दिन का पुलिस रिमांड बढ़ा दिया। इसके बाद बठिंडा पुलिस उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर साथ ले गई। बताया जा रहा है कि बठिंडा मर्डर मामले में पुलिस उनका रिमांड बढ़ा सकती है। इसके अलावा व्यापारी पर गोली चलाने वाले लवजीत का अभी इलाज चल रहा है जोकि इस समय चंडीगढ़ सेक्टर 32 अस्पताल में भर्ती है। इलाज के बाद जीरकपुर पुलिस की ओर से उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
क्या था मामला
बीती 27 अक्तूबर को बठिंडा माल रोड पर व्यापार यूनियन के प्रधान हरजिंदर सिंह मेला को गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया था। गोली चलाने वाला गैंगस्टर लवजीत व उसका साथी कमलजीत सिंह उर्फ कमल वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए थे और उसके बाद वह बलटाना के कलगीधर एनक्लेव में एक होटल में छुप गए थे। उनकी सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सांझे ऑपरेशन के तहत होटल के कमरा नंबर 207 से लवजीत सहित तीन गैंगस्टरों को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और गैंगस्टरों द्वारा क्राॅस फायरिंग की गई थी। इसमें डीएसपी पवन कुमार और गैंगस्टर लवजीत की दाईं टांग पर गोली लग गई थी। इस दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था और तब से लेकर अब तक लवजीत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती है और बाकी दोनों आरोपियों को बठिंडा पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर ले गई है।