मोहाली। थाना फेज-11 की पुलिस ने अंब साहिब कॉलोनी में छापा मारकर अवैध असलहा, गांजा और एक लाख 48 हजार रुपये ड्रग मनी बरामद की है। हालांकि पुलिस के आने की सूचना मिलते ही आरोपी मौके से भागने में कामयाब रहा। आरोपी की पहचान भागीरथ उर्फ बिटी के रूप में हुई है। पुलिस ने भागीरथ के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अंब साहिब कॉलोनी में एक व्यक्ति बड़े स्तर पर नशे का कारोबार करता है। वह मजदूरों और अन्य युवकों को गांजा, घर की निकाली शराब और चीट्टे की सप्लाई करता है।
पुलिस ने योजना बनाकर आरोपी के घर में छापा मारा, लेकिन पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो चुका था। पुलिस को उसके घर की तलाशी में एक किलोग्राम चालीस ग्राम गांजा, एक लाहन का भरा घड़ा, चार कारतूस 32 बोर, एक कारतूस 9 एमएम पिस्टल, एक लाख 48 हजार रुपये ड्रग मनी और विभिन्न प्रकार के सोने चांदी के गहने बरामद हुए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी किसी अन्य स्थान पर रहता है। इस घर को वह अपने आपराधिक कामों के लिए इस्तेमाल करता है। पुलिस आरोपी भागीरथ के बारे में पड़ताल कर रही है।