मोहाली। पुलिस पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की जिला मोहाली इकाई की ओर से मंगलवार को थाना फेज-11 स्थित कार्यालय में पुलिस शहीदी दिवस मनाया गया। इस दौरान आतंकवाद के दौर में देश और समाज की सुरक्षा करते हुए शहीद हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश महासचिव महिंदर सिंह, सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर, की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों की कुर्बानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि मोहाली जिले के करीब 35 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी आतंकवाद के दौर में ड्यूटी निभाते हुए शहीद हुए थे। शहीदों के परिवारों को हर साल 21 अक्तूबर को जिला स्तर पर प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाता है।
इस मौके पर सेवानिवृत्त एसपी जगदीश सिंह काहलो, सरबजीत सिंह पंधेर, डीएसपी जीपी सिंह, जोबन सिंह सहित कई सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।