जीरकपुर। त्योहारों से पहले दूध, पनीर और मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच जीरकपुर में सड़क पर खुले में पनीर को स्थानांतरित करते दो वाहन पकड़े गए हैं। राहगीरों की सूचना पर ढकोली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों व उनके चालकों को थाने ले गई। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर के नमूने लिए और उन्हें सील कर दिया। यह घटना बलटाना के लाइट पॉइंट के पास हुई, जहां एक महिंद्रा पिकअप से पनीर को दूसरे निजी वाहन में बदला जा रहा था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों और उनके चालकों को ढकोली थाने पहुंचाया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी थाने पहुंची और पनीर के नमूने एकत्र किए।
इन नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है ताकि यह पता चल सके कि पनीर निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा उतरता है या नहीं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जीरकपुर खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी कंवरदीप सिंह ने कहा कि लोगों की शिकायत पर ढकोली थाने ले जाए गए वाहनों से पनीर के नमूने लिए हैं। उन्होंने बताया कि यह एनालॉग पनीर है और इसकी सच्चाई 14 दिन बाद रिपोर्ट आने पर ही सामने आएगी। कंवरदीप सिंह ने यह भी बताया कि जांच में पता चला है कि यह पनीर डेराबस्सी से चंडीगढ़ जा रहा था। इसे केवल एक गाड़ी से दूसरी गाड़ी में स्थानांतरित किया जा रहा था।