घटना स्थल पर मौजूद पुलिस की टीम।
- फोटो : संवाद
मोहाली में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। पुलिस एनकाउंटर में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया है। वहीं, दूसरा बदमाश भागने में कामयाब हो गया। यह मुठभेड़ अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित लालड़ू के झरमल नदी पुल के पास हुई है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सतप्रीत सत्ती निवासी डेराबस्सी के तौर पर हुई है।
आरोपी सत्ती लुटेरा गैंग का सरगना है। आरोपी ने कई लुट की वारदातों को अंजाम दिया है। सतप्रीत सत्ती की गैंग में और भी कई बदमाश हैं जो ट्राईसिटी समेत, पंजाब और हरियाणा में कई लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। आरोपी को पुलिस ने डेराबस्सी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे जीएमएसएच-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
एसपी (देहात) मनप्रीत सिंह ने बताया कि उक्त लूटेरे जो पिछले दिनों चंडीगढ़- दिल्ली हाईवे पर लालड़ू और पंजाब से जुड़े हरियाणा इलाके में हाईवे पर वाहन चालकों को डरा धमका कर रोड रॉबरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। इनके खिलाफ लालड़ू सहित हरियाणा में भी लूट के कई मामले दर्ज हैं।
डीएसपी डेराबस्सी विक्रमजीत सिंह बराड़ के नेतृत्व में लालड़ू थानाध्यक्ष आकाशदीप शर्मा व लैहली चौकी इंचार्ज अजय शर्मा की टीम इनको ट्रेस कर रही थी। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस को उक्त हाईवे लुटेरे गिरोह की लोकेशन ट्रेस आउट हुई थी। सतप्रीत सत्ती अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकल पर लालड़ू से डेराबस्सी की तरफ जा रहा था। पुलिस को इसकी जानकारी मिली तो पुलिस उनका पीछा करते हुए झरमल नदी पर स्थित पुराने पुल के पास उन्हें पहले सरेंडर करने की चेतावनी दी। लुटेरों ने पुलिस की गाड़ी पर तीन फायर कर दिए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। फायरिंग दौरान सतप्रीत सिंह सत्ती को टांग में दो गोली लगने से वह जख्मी हो गया और उसका साथी मौके का फायदा उठाकर पास के जंगल की झाड़ियां में से होता हुआ फरार हो गया।
पुलिस ने बदमाश सत्ती को काबू कर उपचार के लिए सरकारी अस्पताल डेराबस्सी में भर्ती कराया है। जहां से डॉक्टरों ने उसे जीएमसीएच सेक्टर-32 रेफर कर दिया है। एसपी ने बताया कि सतप्रीत सिंह पंजाब और हरियाणा में रोड रॉबरी की कई वारदात को अंजाम देकर आंतक फैला रहा था। तीन और 10 नवंबर को भी लूटपाट की वारदातों को अंजाम दिया था।
एसपी ने बताया कि बदमाश के पास से . 32 बोर की एक पिस्तौल, पांच कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने बताया कि रिमांड दौरान आरोपियों से गहराई से पूछताछ की जाएगी।