पिंजौर। एचएमटी आवासीय परिसर के समीप एक निजी स्कूल की बस के अनियंत्रित होने से बस का पहिया सड़क किनारे गड्ढे में धंस गया। गनीमत रही कि किसी प्रकार का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक ऐसा लग रहा था कि जैसे कि बस चालक ने कोई नशा किया हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शी राजबीर ने बताया कि बस पंचकूला के एक निजी स्कूल की थी। एचएमटी आवासीय परिसर के गेट के समीप बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस का पहिया सड़क किनारे बने गड्ढे में धंस गया। घटना के समय बस काफी रफ्तार में थी। अचानक बस के टायर के गड्ढे में धंसने से बस में बैठे बच्चों को जोरदार झटका लगा। इससे बच्चे घबरा गए और जोर से चिल्लाने लगे। उसके बाद बस रुक गई। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आस पास के लोग मौके पर इकट्ठे हो गए। उसके बाद मौके पर पहुंचे एक अन्य स्कूल के बस चालक ने बस को गड्ढे से निकाला।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि ड्राइवर को देखकर ऐसा लग रहा था कि जैसे उसने नशा किया हुआ हो। लोगों ने इसकी सूचना बस पर लिखे नंबर पर दी और बस की चाबी अपने पास रख ली। कुछ देर बाद बस ठेकेदार मौके पर अपने साथ ड्राइवर को लेकर पहुंचा और बस को मौके से रवाना किया। बस ठेकेदार का कहना था कि बस चालक ने नशा नहीं किया हुआ था। वह बीमार था।
स्थानीय निवासियों रा्जबीर, अच्छर कुमार व अन्य लोगों ने कहा कि पहले भी स्कूल बसों के कई हादसे हो चुके हैं। हादसे के बाद प्रशासन मुस्तैद हो जाता है, लेकिन कुछ समय बीतने के बाद फिर लापरवाह हो जाता है। उन्होंने मांग की कि प्रशासन समय-समय पर नियमित अंतराल से बसों की चेकिंग करे, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।