मोहाली। अंब साहिब कॉलोनी में नशे की शिकायतों के बाद मोहाली पुलिस ने शनिवार को बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान दो मामले दर्ज किए गए और 14 लावारिस वाहन जब्त किए गए। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरमनदीप सिंह हंस के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक सिटी-2 हरसिमरन सिंह बल की निगरानी में चला। थाना फेज-11 के प्रभारी अमन बैदवान ने इसका नेतृत्व किया। पुलिस टीमों ने कॉलोनी में घर-घर जाकर किराएदारों का सत्यापन किया। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई और वाहनों के दस्तावेज भी जांचे गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के कारोबार से जुड़ी सूचनाएं लगातार जुटाई जा रही हैं। नशे के आदी लोगों को उपचार के लिए सेक्टर-66 स्थित नशा मुक्ति केंद्र भेजा जाएगा। पुलिस ने कहा कि अपराध और नशे पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान जारी रहेंगे।