डेराबस्सी। डेराबस्सी के मुख्य बाजार में गंदगी के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं। इससे यहां आने-जाने वाले लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर परिषद और अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन से मांग है कि वे तुरंत इस समस्या पर ध्यान दें और गंदगी के ढेरों को हटाकर बाजार की सफाई सुनिश्चित करें, ताकि डेराबस्सी के लोग स्वस्थ और सुरक्षित रह सकें।
व्यापारियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से कूड़ा उठाया नहीं गया है, जिसके कारण गंदगी के ढेर लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इन ढेरों से निकलने वाली बदबू से बाजार का माहौल असहनीय हो गया है। गंदगी के कारण व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। मक्खियां और मच्छर गंदगी में पनप रहे हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
नियमित बाजार में सफाई करवाई जाती है। इसकी जांच की जाएगी कि इस कार्य में क्यों लापरवाही बढ़ती जा रही है-आशु उपनेजा, नगर काउंसिल प्रधान