सड़क पर हैं गहरे गड्ढे, इसका खामियाजा भुगत रही आम जनता
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। फेज-7 की शॉपिंग स्ट्रीट पर सड़क की खस्ता हाल से लोग परेशान हैं। नगर निगम और पब्लिक हेल्थ विभाग के बीच जिम्मेदारी को लेकर खींचतान चल रही है, जिसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है।
सड़क पर गहरे गड्ढे हैं। इससे लगातार हादसे हो रहे हैं और लोगों की जान जोखिम में है। स्थानीय पार्षद अनुराधा आनंद ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि नगर निगम के एसडीओ ने सड़क बनाने का आश्वासन दिया था। हालांकि, अभी तक जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हुआ है। फेज-7 निवासी राकेश गोयल, तरमिंदर सिंह और प्रकाश वीर सिंह ने बताया कि सड़कों पर गड्ढे हैं। इसके कारण लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। उन्होंने जल्द सड़क ठीक कराने की मांग की। विभागीय तालमेल की कमी है। इससे हालात बद से बदतर हो गए हैं। मोहाली नगर निगम के आयुक्त संदीप सिंह ने सड़क की मरम्मत का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि फेज-7 की सड़क को जल्द बनाया जाएगा। इसके लिए टेंडर किया जा चुका है और काम जल्द शुरू होगा। आयुक्त ने बताया कि अगले महीने तक सड़क का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।