मोहाली। शहर में अलग-अलग जगह लगने वाले रेहड़ी-फड़ी वालों को उचित जगह मुहैया करवाने के लिए नगर निगम की ओर से स्ट्रीट वेंडिंग जोन बनाए जाने की तैयारी की गई। लेकिन वेंडिंग जोन के लिए गमाडा की ओर से जो 14 जगहों की सूची निगम को सौंपी गई है उसमें फेज-4 मंदिर के बाहर स्थित पार्किंग वाले इलाके को भी शामिल कर दिया गया है। लेकिन यहां के लोग पार्किंग में वेंडिंग जोन बनाने के विरोध में आ गए हैं। श्री सनातन धर्म मंदिर कमेटी के सदस्य और स्थानीय लोग इसके विरोध में काली पट्टियां बांधकर प्रदर्शन तक कर चुके हैं। उनका कहना है कि यह फैसला नहीं बदला गया तो संघर्ष जारी रहेगा।
जानकारी के मुताबिक फेज-4 में श्री सनातन धर्म मंदिर की जिस जगह को वेंडिंग जोन के लिए प्रस्तावित किया गया है, दरअसल वह पार्किंग की जगह है। इतना ही नहीं जब भी मंदिर में कोई धार्मिक समारोह होते हैं तो उस जगह का इस्तेमाल किया जाता है। यहां तक कि रामलीला जैसे समारोह का भी इसी जगह पर मंचन किया जाता है। इस मामले को लेकर इलाके के पूर्व पार्षद गुरमुख सिंह सोहल, मंदिर कमेटी के सदस्य और स्थानीय लोग आ गए हैं। लोगों का कहना है कि फेज-4 का बाजार मंदिर के पास है और यह बाजार कई साल से चल रहा है। ऐसे में उक्त इलाके को वेंडिंग जोन में शामिल करके सरकार गलत कर रही है। इतना ही नहीं इससे आम लोग भी परेशान होंगे। उन्होंने प्रशासन से यहां वेंडिंग जोन बनाने का फैसला बदलने को कहा है, ताकि लोगों को परेशानी न उठानी पड़े।
लोग बोले- जरूरत पड़ी तो अदालत भी जाएंगे
मिली जानकारी के मुताबिक फेज-4 स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर पुराने मंदिरों में से एक है। इसमें सिर्फ फेज-4 ही नहीं, बल्कि फेज-2, फेज-3 और मदनपुरा इलाके के लोग भी पूजा के लिए आते हैं। वहीं, हर धार्मिक समारोह यहां भव्य तरीके से मनाया जाता है, इतना ही नहीं महा आरती और नवरात्र समारोह खास रहता है। ऐसे में अगर यहां वेंडिंग जोन बनाया जाता है तो लोग दिक्कत में आ जाएंगे।