योगेश कुमार नए एसएचओ नियुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। फेज-11 में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प और एक युवक की हत्या के मामले में जिला पुलिस प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए थाना प्रभारी को हटा दिया है। फेज-11 के एसएचओ इंस्पेक्टर अमन बैदवान का तबादला पुलिस लाइन में कर दिया गया है। यह आदेश वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने जारी किया है। फेज-11 थाने का चार्ज अब योगेश कुमार को जारी किया गया है।
जानकारी अनुसार, हाल ही में दो गुटों के बीच हुई झड़प में 20 से 25 युवक शामिल थे। इस दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। सोशल मीडिया पर वायरल सीसीटीवी फुटेज में कुछ युवक तेजधार हथियार लहराते और एक-दूसरे का पीछा करते नजर आए थे। सूत्रों के मुताबिक, इलाके में असामाजिक तत्वों की सक्रियता और हथियारों के इस्तेमाल को गंभीरता से लिया गया। इसी के चलते प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए एसएचओ का तबादला किया गया। वहीं इंस्पेक्टर योगेश कुमार को फेज-11 थाने का नया एसएचओ नियुक्त किया गया है।