लालड़ू। गांव जड़ौत में मोटरसाइकिल और कार की हुई टक्कर में मोटरसाइकिल सवार 32 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप में घायल हो गया। घायल अंबाला के सिविल अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी एएसआई बलजिन्दर सिंह के अनुसार हादसे में राम रत्न वासी जड़ौत की मौत हो गई। उसकी पत्नी कांता रानी ने पुलिस को बताया कि उसका पति गांव के दर्शन कुमार के मोटरसाइकिल के पीछे बैठकर वीरवार शाम किसी काम से जा रहा था। गांव में ही पंडित के डेरे के नजदीक कुलविन्दर शर्मा निवासी जड़ौत की कार से उनके मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। इसमें बाइक चालक दर्शन कुमार और रामरत्न गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें अंबाला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से गंभीर हालत में जीएमसीएच-32, चंडीगढ़ ले जाते समय रामरत्न ने रास्ते में दम तोड़ दिया जबकि दर्शन अम्बाला के सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम उपरांत वारिसों को दे दिया। वहीं रामरत्न की पत्नी के बयान पर कुलविन्दर शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।