डेराबस्सी। बरवाला रोड की हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। बारिश ने सड़क की हालत और ज्यादा खराब कर दी है। जगह-जगह से टूटी इस सड़क पर भरे बारिश के पानी में वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं यहां पर कई हादसे भी हो चुके हैं। इस दिक्कत को झेल रहे लोगों ने रविवार को पंजाब सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ मूसलाधार बारिश में सड़क की स्थिति में सुधार करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इसकी सूचना पर मौके पर पहुंचे विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने प्रदर्शनकारियों से संपर्क किया और जल्द सड़क निर्माण का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।
जानकारी के मुताबिक डेराबस्सी से बरवाला तक मुख्य सड़क की स्थिति काफी समय से बदहाल है। लंबे समय से इस सड़क की मरम्मत नहीं होने से यह सड़क जगह-जगह से बुरी तरह टूट चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। बारिश ने सड़क की हालत ओर खराब कर दी है। बारिश का पानी गड्ढों में भर जाने से उनमें जलभराव हो गया है, जिससे वे दिखाई नहीं दे रहे हैं। इससे वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। इस सड़क पर आए दिन वाहन खाई में गिर रहे हैं और हादसे हो रहे हैं। इस सड़क की स्थिति में सुधार के लिए इस सड़क पर स्थित लघु उद्योग संघ के सदस्यों ने दो बार प्रदर्शन किया है और सड़क की स्थिति में सुधार के लिए हलके के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा और एसडीएम के सामने प्रदर्शन किया। उन्होंने इसके लिए एसडीएम हिमांशु गुप्ता को मांगपत्र भी दिया था, लेकिन इसके बावजूद सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ हो गया है, जिसमें दोपहिया वाहन फिसल कर गिर रहे हैं, इस सड़क के दोनों ओर रिहायशी इलाके के शहवासियों और दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस सड़क की हालत को देखते हुए वाहन पलटने सहित दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे वाहनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की मुख्य सड़क होने के बावजूद प्रशासनिक अधिकारी चैन की नींद सो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वे इसे जाम करने को मजबूर होंगे।
इस संबंधी हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि संबंधित विभाग को सड़क की स्थिति में सुधार के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश थमने के बाद सड़क की स्थिति में सुधार का काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी बारिश में काम नहीं किया जा सकता।