मोहाली। नए वित्त वर्ष के लिए केंद्र सरकार का बजट सोमवार को संसद में पेश हुआ। प्रतिक्रिया मिलीजुली रही, लेकिन मोहाली के उद्योगपति इससे संतुष्ट नजर आ रहे हैं। मोहाली में ट्रैक्टर इंडस्ट्री व ऑटो पार्ट उद्योग की प्रमुखता है। इस सेक्टर के लिए बजट में दिए गए प्रावधान राहत देने वाले हैं। हालांकि उद्योगपतियों का मानना है कि बजट में आत्मनिर्भर भारत की बात केवल नारा बन कर ही रह गई।
बजट में कृषि क्षेत्र के लिए दिए गए प्रावधानों के चलते ट्रैक्टर इंडस्ट्री को फायदा होगा। मोहाली का उद्योग ट्रैक्टर व ऑटो पार्ट उद्योग पर निर्भर है। बजट के प्रावधानों से इस सेक्टर को फायदा मिलेगा। टैक्स ऑडिट की सीमा बढ़ने से छोटे उद्योगपतियों को राहत मिलेगी। मोहाली की इंडस्ड्री का प्रमुख रॉ मैटीरीयल स्टील व लोहा है। बजट में इनकी कीमतों में कमी की घोषणा से मोहाली को राहत मिली है। निजी व व्यावसायिक वाहनों की समय सीमा निर्धारित करने से ऑटो इंडस्ड्री को फायदा होगा। पैट्रोल व डीजल पर सर चार्ज लगाने के फैसले से परिवहन लागत बढ़ेगी, जिसका असर बाजार की कीमतों पर पड़ेगा, जो बोझ बढ़ाने वाला है।
- संजीव वशिष्ठ, उद्योगपति व पूर्व अध्यक्ष मोहाली इंडस्ट्रियलिस्ट एसोसिएशन
कोरोना काल के दौरान केंद्र सरकार ने आत्मनिर्भर भारत का नारा दिया था। बजट में इसका असर नजर नहीं आया। बजट में बातें ज्यादा हैं ठोस कदम कम हैं। कोरोना काल के बाद केंद्र सरकार की घोषणाओं का फायदा किसी वर्ग को नहीं हुआ। स्टील, लोहा व स्क्रैप की कीमतों में कमी करने की घोषणा मोहाली की इंडस्ट्री के लिए लाभकारी साबित होगी। मोहाली का उद्योग पिछले काफी समय से रॉ मैटीरियल की कीमतों में इजाफे के कारण बुरे दौर से गुजर रहा है। इसका फायदा होगा। हालांकि यह फायदा कितना होगा यह आने वाला समय ही बताएगा।
- योगेश सागर, उद्योगपति व अध्यक्ष मोहाली इंडस्ट्रियलिस्ट एसोसिएशन
-------------------------
कोरोना काल के दौरान जैसे बजट की उम्मीद थी, वैसा बजट सरकार ने पेश नहीं किया। उद्योग ही नहीं समाज के किसी भी वर्ग को सीधा फायदा होता नजर नहीं आ रहा। कोरोना काल के दौरान उद्योग जगत को जिस तरह की उम्मीद सरकार से थी उसे बजट में जगह नहीं मिली। स्टार्टअप को टैक्स में छूट का फैसला अच्छा कदम है, लेकिन चालू उद्योगों को भी राहत मिलनी चाहिए थी। टैक्स ऑडिट में छूट दी गई है, लेकिन मंहगाई बढ़ने व उत्पादन लागत में इजाफा होने से उद्योपति को इसका लाभ नहीं मिल पाएगा। स्टील व लोहे के कीमतों में कमी का फायदा मोहाली के उद्योग को होगा, लेकिन यह कितना कारगर साबित होगा इसका पता आने वाले समय में ही लगेगा।
- जगदीप सिंह, उद्योगपति मोहाली
---------------
केंद्रीय बजट स्वास्थ एवं मूलभूत ढांचे पर आधारित है। इसके लिए कई प्रावधान रखे गए हैं। हालांकि यह बजट आम आदमी की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता। कोरोना काल के दौरान आर्थिक तंगी से गुजर रहे आम आदमी को बजट से राहत की काफी उम्मीद थी। सरकार को चाहिए था कि अभी राहत देती, चाहे आने वाले सालों में इसे धीरे-धीरे मैनेज किया जाता। स्टार्टअप को टैक्स में छूट की अवधि को बढ़ाना अच्छा कदम है। कुछ चीजों की कस्टम ड्यूटी बढ़ाने से आत्मनिर्भर भारत अभियान को फायदा होगा। स्टील के दाम पिछले कुछ दिनों में नीचे आए हैं, अब और राहत मिलने से मोहाली के उद्योग को फायदा होगा।
- गगन छाबड़ा, उद्योगपति, मोहाली