मोहाली। सेक्टर-69 और 79 में रहने वाले लोगों को सेहत सुविधाओं को लेकर फेज-6 स्थित जिला सिविल अस्पताल में जाकर धक्के नहीं खाने पड़ेंगे, बल्कि लोग अपने घर के पास सेहत से जुड़ी सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे। यह जानकारी शुक्रवार को सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौर ने अमर उजाला के साथ साझा की। उन्होंने कहा कि इसके अलावा जिले में तीन मोहल्ला क्लीनिक खोलने को लेकर प्रस्ताव सरकार को भेजा जा चुका है।
जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट रोड पर स्थित सेक्टर-69 और 79 का नाम पॉश इलाकों में आता है और इसकी लोकेशन को देखकर भारी संख्या में लोगों ने यहां जमीनें खरीदकर रहना शुरू कर दिया। जबकि सेक्टर में रहने वाले लोगों के पास बिजली, पानी और सड़क आदि बुनियादी सुविधाएं तो मौजूद हैं, परन्तु सेहत सुविधाओं के लिए फेज-9 की डिस्पेंसरी या फिर फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। जबकि इन दोनों की दूरी कई किलोमीटर है और नेशनल हाईवे से होकर आना जाना पड़ता है।
लंबे समय से मांग कर रहे थे सेक्टर निवासी
जानकारी के मुताबिक सेहत सुविधाओं को लेकर परेशानी झेल रहे सेक्टर निवासी लंबे समय से प्रशासन से क्षेत्र में डिस्पेंसरी खोलने की मांग कर रहे थे। हालांकि निकाय चुनाव से लेकर विधानसभा चुनाव में नेताओं के लिए यह मुद्दा तक बना, परन्तु इन सेक्टरों में सेहत सुविधाओं को लेकर डिस्पेंसरी बनाना हर बार चुनावी वादा बनकर ही रह गया। वहीं, सेक्टर के स्थानीय लोगों को सामान्य बीमारी की जांच के लिए कई किलोमीटर दूर फेज-6 सिविल अस्पताल जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। अपनी इस परेशानी को लेकर सेक्टरवासियों ने इस संबंधी शिकायतें सेहत विभाग तक पहुंचाई, जिसके बाद विभाग द्वारा यहां अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर खोलने का फैसला लिया गया।
रिपोर्ट बनाकर भेजी आलाधिकारियों को
सेक्टर में रहने वाले लोगों की तरफ से मिलने वाली शिकायतों का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों के साथ बैठक हुई। जिसमें सेक्टर-69 और 79 के निवासियों की ओर से मिलने वाली शिकायतों को लेकर विचार चर्चा हुई और लंबी विचार चर्चा के बाद आलाधिकारियों की ओर से पीएचसी खोलने का फैसला लेते हुए प्रस्ताव बनाकर इसकी रिपोर्ट पंजाब सरकार के पास भेजी गई। वहीं, सरकार की तरफ से मंजूरी मिलने के बाद इंजीनियरिंग विभाग की तरफ से कार्रवाई शुरू करते हुए संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। जबकि अधिकारियों ने सेक्टर-69 और 79 में रहने वाले लोगों के साथ बातचीत करके अपनी रिपोर्ट तैयार की और रिपोर्ट को आलाधिकारियों के पास मंजूरी के लिए भेजा गया।
सेक्टर-69 और 79 में अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर की बिल्डिंग का निर्माण हो चुका है और जल्द ही वहां स्टाफ का नियुक्ति करके केंद्र को लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। जबकि सेक्टर वासियों के अलावा आसपास रहने वाले लोग सेहत सुविधाओं को लेकर डिस्पेंसरी में जाकर जांच करवा सकेंगे। -डॉ. आदर्शपाल कौर, सिविल सर्जन, मोहाली।