डेराबस्सी। कस्बे की मुबारकपुर रोड पर बुधवार को बिजली ठीक करने के दौरान करंट लगने से गांव सूंडरा निवासी लाइनमैन मनदीप सिंह की मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक के परिजन और गांववासियों ने आरोपी जेई की गिरफ्तारी को लेकर थाने में हंगामा किया। प्रदर्शन कर रहे गांववासियों का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी जेई के खिलाफ हल्की धारा का मामला दर्ज किया है, जबकि गांववासियों ने मांग की है कि उसके खिलाफ सख्त धारा लगाकर उसे गिरफ्तार किया जाए। पुलिस ने जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। वहीं, मृतक का अंतिम संस्कार वीरवार को उसके गांव सुंडरा में किया गया। इससे पहले उनकी चारों बहनों ने नम आंखों से राखी बांधकर उसे अंतिम विदाई दी। राखी के दिन मृतक के अंतिम संस्कार को लेकर गांव में गम का माहौल हो गया।
गांववासियों ने इस संबंधी बताया कि मनदीप सिंह बिजली लाइन में फाल्ट ठीक करने के लिए बिजली के खंभे पर चढ़ गया था। इसकी जानकारी उन्होंने संबंधित जेई तलविंदर सिंह को नियमानुसार दे दी थी। लेकिन उन्होंने अपनी लापरवाही से बिजली आपूर्ति नहीं रोकी, जिससे मनदीप की करंट लगने से मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मनदीप की मौत जेई की लापरवाही के कारण हुई है। इसके लिए उसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया जाना चाहिए। जबकि पुलिस ने उसके खिलाफ लापरवाही की धारा 304ए के तहत केस दर्ज किया है।
इस बारे में मुबारकपुर थाना प्रभारी कुलवंत सिंह ने कहा कि मामले की अभी जांच की जा रही है। इसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। जेई तलविंदर सिंह ने कहा कि उन्होंने बिजली सप्लाई रोक दी थी, लेकिन मृतक ने नियमानुसार लाइन की जांच नहीं की। क्योंकि कई बार लाइन में रिवर्स करंट भी आ जाता है।