डेराबस्सी। गांव कोली माजरा की समस्याओं को लेकर सोमवार को गांववासियों ने समाजवादी पार्टी के नेता मदन शर्मा के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान मदन शर्मा और गांववासियों ने आरोप लगाया कि वे काफी लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं और उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि लालड़ू नगर परिषद के अधीन आने वाले इस गांव के लोग अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों के नेताओं द्वारा हर चुनाव में बड़े-बड़े वादे सुनते हैं, लेकिन चुनाव के बाद उन्हें भुला दिया जाता है। मदन शर्मा ने प्रशासनिक अफसरों और विधायक कुलजीत सिंह रंधावा को चेतावनी दी कि अगर 26 जनवरी तक गांव में बुनियादी सुविधाओं का प्रबंध नहीं किया गया तो वे संघर्ष करने पर मजबूर होंगे। गांव में पानी की निकासी, टूटी हुई गलियां, नालियां, सीवरेज सिस्टम, स्ट्रीट लाइटें, सफाई का प्रबंध, धर्मशाला और स्वच्छ पेयजल जैसी कोई भी सुविधा उपलब्ध नहीं है। इन समस्याओं के अलावा गांव में श्मशान घाट की भी व्यवस्था नहीं है। किसी ग्रामीण की मृत्यु होने पर उन्हें नजदीकी गांव की पंचायत से अंतिम संस्कार के लिए अनुमति लेनी पड़ती है।
गांव की आवाज उठाने का लिया संकल्प
मदन शर्मा ने कहा कि गांव के लोग अब उनके पास पहुंचे हैं और उन्होंने उनकी आवाज उठाने का संकल्प लिया है। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि हलका डेराबस्सी के प्रत्येक गांव में श्मशान घाट की स्थिति सुधारने के लिए वे अपनी ओर से 5100 रुपये की आर्थिक मदद देंगे। इस राशि को कोई भी ग्रामीण उनके डेराबस्सी स्थित कार्यालय से प्राप्त कर सकता है।