मोहाली। नगर निगम की सीमा में शामिल न किए गए बलोंगी, बड़माजरा, बलोमाजरा और ग्रीन एन्क्लेव के निवासियों ने सरकार के इस फैसले के खिलाफ कड़ा विरोध जताया है। लोगों का कहना है कि नगर निगम की ओर से इन क्षेत्रों को निगम में शामिल करने का प्रस्ताव पारित होने के बावजूद सरकार ने इन इलाकों को निगम से बाहर रखा, जिससे यहां के विकास कार्य और बुनियादी सुविधाएं प्रभावित होंगी।
बलोंगी में हुई बैठक के दौरान समाजसेवी अनिल कुमार गुड्डू, कुलदीप सिंह बिट्टू, पंच रीटा सिंह, पंच हरिंदर सिंह और नरेश कुमार समेत अन्य ने कहा कि वे पिछले 20 वर्षों से यह सुनते आ रहे हैं कि उनका क्षेत्र नगर निगम में शामिल किया जाएगा, लेकिन आज तक यह वादा पूरा नहीं हुआ। ग्रामीणों ने कहा कि कई बार इस खुशी में उन्होंने लड्डू तक बांटे, पर सरकार ने हर बार निराश किया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ये गांव नगर निगम में शामिल हो जाते हैं, तो सरकार को क्या नुकसान होगा, और यदि बाहर रखे जाते हैं तो उसे क्या फायदा होगा। बैठक के दौरान लोगों ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इन गांवों को नगर निगम में शामिल नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों ने मांग की कि सरकार जनहित को ध्यान में रखते हुए अपने फैसले पर पुनर्विचार करे और इन गांवों को नगर निगम की सीमा में शामिल किया जाए।