जीरकपुर। एरोसिटी के ब्लॉक-आई में पैदल जा रहे एक व्यक्ति का मोबाइल फोन झपटकर भाग रहे दो युवकों को लोगों ने दबोचकर पुलिस को साैंप दिया है। जबकि इनका तीसरा साथी माैके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड के बाद बुधवार को जेल भेज दिया है। फिलहाल तीसरा आरोपी फरार चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 304 के तहत केस दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतनाम सिंह निवासी गांव ककराली डेराबस्सी हाल निवासी कारकौर डेराबस्सी, संपत निवासी नेठ राणा जिला हनुमान गढ़ राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस को शिकायत में सोमवीर सागर (32) निवासी रामपुरा जिला बरेली यूपी, हाल निवासी एरोसिटी ब्लाॅक-आई के पास नारायणगढ़ झुगियां ने बताया कि वह घर से किसी काम से करीब साढ़े तीन बजे पैदल जा रहा था। जब ब्लॉक-आई के लाइट पाॅइंट के पास पहुंचा तो पीछे से एक बाइक पर सवार तीन युवक उसके आगे आकर खड़े हो गए और धमकाकर उसकी जेब से पैसे निकालने लगे तो उसने मना किया कि पैसे नहीं है तो उनमें से एक युवक ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और तीसरे ने उसको धक्का मारकर बाइक पर बैठकर जाने लगा। जब उसने शोर मचाया तो आसपास के लोगों ने झपटमारों का पीछा करके दो युवकों को पकड़ लिया। उनसे मोबाइल भी बरामद कर लिया। इसके बाद पकड़े गए युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को एक दिन के रिमांड के बाद जेल भेज दिया है और तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।