मोहाली। फेज-4 में कूड़े की समस्या से लोग परेशान हैं। इससे इलाके की सुंदरता खराब हो रही है। फेज-4 के टी-प्वाइंटों पर कई दिनों से कूड़े के ढेर लगे हैं, जिनमें दुर्गंध आने लगती है। जानकारी देते प्रोग्रेसिव वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष एचएस. कंवर ने बताया कि कई दिनों से इन स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वे कई बार नगर पार्षद से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। एसोसिएशन ने मांग की है कि यहां से कूड़ा हटाया जाए। संपर्क करने पर नगर निगम पार्षद रूपिंदर कौर रीना ने कहा कि उन्होंने इस बारे में नगर निगम अधिकारियों को कई बार बताया है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यह स्थिति पूरे शहर में हो रही है और सफाई व्यवस्था बेहद खराब हो गई है।