मोहाली। फेज-6 सिविल अस्पताल में वीरवार को हाईटेक वेटिंग हॉल का उद्घाटन विधायक कुलवंत सिंह ने किया। 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस हॉल में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह वेटिंग हॉल जेएलपीएल के डॉ. एसएस भमरा और परमजीत सिंह के सहयोग से तैयार किया गया है। इसके बनने से अब मरीजों को गर्मी, धूप और बारिश में बाहर बैठने की मजबूरी नहीं रहेगी। नए वेटिंग हॉल में एयर कंडीशन की व्यवस्था, बड़ी एलईडी टीवी, दो प्रवेश द्वार और बैठने के लिए आरामदायक कुर्सियां लगाई गई हैं। टोकन नंबर आने के बाद मरीजों को अब इलाज के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। वेटिंग एरिया में बैठे मरीज अपनी बारी का इंतजार आराम से कर सकेंगे और नंबर आने पर उन्हें तुरंत संबंधित काउंटर या डॉक्टर के पास भेजा जाएगा। इस व्यवस्था से मरीजों को लाइन में खड़े रहने में परेशानी नहीं होगी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार इस सुविधा से खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और गंभीर रोगियों को बड़ी राहत मिलेगी।