मोहाली। फेज-6 स्थित एक निजी अस्पताल पर एक मरीज ने लापरवाही के आरोप लगाए हैं। आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टर ने सर्जरी के बाद पट्टी उसके अंदर ही छोड़ दी। जब उसे दर्द उठा तो उसने फेज-6 के सरकारी अस्पताल में जाकर जांच करवाई जहां उसे पता चला कि उसके पेट में पट्टी है। अस्पताल प्रबंधकों ने सर्जरी के लिए उससे 65 हजार रुपये लिए है।
पीड़ित जोशिल अब्राहम ने बताया कि वह एक निजी अस्पताल में 23 नवंबर को बवासीर की बीमारी का इलाज करने के लिए दाखिल हुआ था। अस्पताल ने उसका इलाज कर 24 नवंबर को छुट्टी दे दी थी। जब वह घर पर आया तो उसे ऑपरेशन वाली जगह पर काफी दर्द होने लगा। इसके बाद वह मोहाली के सिविल अस्पताल में इसका इलाज कराने के लिए गया तो स्क्रीनिंग के दौरान अंदर पट्टी रखी होने का उसे पता चला। इसकी शिकायत उसने अस्पताल प्रबंधन को भी दी है। पीड़ित ने बताया कि उसने इस मामले में पुलिस को शिकायत दी है।
निजी अस्पताल प्रबंधन ने बयान जारी करते हुए कहा कि एक मरीज से शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। चिकित्सकीय तौर पर हम समझते हैं कि मरीज ठीक है। संवाद