पंजाबी सिंगर परमीश वर्मा का सेक्टर-85 में एक शो होने जा रहा है, लेकिन उससे पहले ही उनके खिलाफ प्रो. पंडित राव धरेनवर ने मोर्चा खोल दिया। उन्होंने एसएसपी को शिकायत देकर मांग की है कि शो के दौरान परमीश शराब से जुड़ा गाना नहीं गाएंगे। इससे यूथ पर बुरा असर पड़ता है। दूसरी तरफ पंडित राव ने इस दौरान अपने सिर पर एक बोर्ड भी उठाया हुआ था। इसमें पंजाबी में लिखा हुआ था कि परमीश वर्मा समझदार हैं, वे शराब से संबंधित गाना चार पैग स्टेज पर नहीं गाएंगे।
एसएसपी को दी शिकायत में प्रो. पंडित राव ने लिखा है कि हमारे संविधान के आर्टिकल 51ए के अनुसार शराबी व भड़काऊ गाने पर रोक लगी हुई है। ऐसे गाने युवाओं को भड़काते हैं। साथ ही इससे समाज में गलत प्रभाव पड़ता है। इस वजह से लाइव शो के दौरान ऐसे गाने न गाए जाएं। हाईकोर्ट के आदेश अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में कहीं भी हिंसक, भड़काऊ व नशे के प्रयोग को उत्साहित गाने वाले गाने गाने से रोका गया है। उन्होंने मांग की है कि इस शो में ऐसे गाने रोके जाएं।
जिक्रयोग है कि पंडित राव काफी समय से पंजाबी भाषा के सम्मान को लेकर जंग लड़ रहे हैं। उन्होंने कुछ समय पहले सिंगर सिद्धू मूसेवाला के खिलाफ आवाज उठाई थी। इसके बाद पंचायत विभाग ने मामले का संज्ञान लिया था। इसके बाद सिंगर की माता ने कहा था कि उनका बेटा भविष्य में बढ़िया गाने ही गाएगा। वह ऐसा कोई गाना नहीं आएगा, जिससे समाज का माहौल खराब हो जाए।