पिता की शिकायत पर चालक के खिलाफ केस दर्ज
जीरकपुर । गली में खेल रहे करीब दो साल के मासूम बच्चे को थार गाड़ी ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चे को चंडीगढ़ के जीएमसीएच सेक्टर-32 ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस ने थार चालक रुस्तम के खिलाफ बीएमएस की धाराओं 106 और 281 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में मोहम्मद असलम ने बताया कि वह मोहाली में मजदूरी करता है और काम के बाद अपने रिश्तेदार के घर रहता है। उसकी पत्नी सबनम बी और करीब दो साल का बेटा आरिशान भी उसके साथ रहते थे। 13 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे वह काम पर था, तभी उसकी पत्नी का फोन आया। पत्नी ने बताया कि शाम करीब 5:30 बजे आरिशान गली में खेल रहा था। इसी दौरान एक थार गाड़ी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बच्चे के घायल होने की सूचना मिलने पर पिता उसे लेकर जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। असलम ने आरोप लगाया कि अस्पताल में थार चालक रुस्तम पांच से सात लोगों के साथ मौजूद था। शिकायत के मुताबिक, चालक ने बच्चे की मौत छत से गिरने के कारण होने की बात कही और उसे धमकाया। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसकी पत्नी ने हादसे में शामिल थार गाड़ी का नंबर भी बताया था। पिता ने आरोप लगाया कि चालक की लापरवाही से उसके बेटे की जान गई। परिवार सदमे में होने के कारण तुरंत पुलिस को बयान नहीं दे सका। 15 अक्टूबर को असलम अपनी पत्नी और रिश्तेदारों के साथ जीरकपुर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।