मोहाली। जिले के गांवों में भी अब शहरों की तर्ज पर ही पार्क बनाए जाएंगे। इसके बाद लोग अपने घरों के नजदीक ही सैर कर पाएंगे। इसके अलावा गांवों में सीवरेज और ड्रेनेज लाइन डाली जा रही है, जिससे पूरे इलाके का बढ़िया तरीके से विकास हो पाए।
जानकारी के मुुताबिक गांव सफीपुर में बनने वाले पार्क का नींव पत्थर शुक्रवार को पंजाब के सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्घू ने रखा। उन्होंने इस मौके पर गांव में करवाए गए समागम के दौरान बताया कि इस पार्क के निर्माण के लिए पहले पड़ाव में दो लाख दस हजार रुपये की ग्रांट गांव की पंचायत को दी गई है। अब हलके के हर गांव में बुनियादी ढांचे को मजबूत करके निवासियों के लिए प्राथमिक सहूलियतें दी जा रही हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने इस दौरान बताया कि गांव सफीपुर के अलग-अलग विकास कामों के लिए अब तक 12 लाख 50 हजार रुपये की ग्रांट दी गई है और आरडीएफ (रुरल डेवलपमेंट फंड) योजना के अंतर्गत 10 लाख 44 हजार रुपये की ओर ग्रांट जल्दी ही दी जाएंगी। गांव में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए और गांव के पुराने तालाब को पक्का करने के लिए जल्दी ही ग्रांट दी जाएगी। इस मौके पर उन्होंने पंजाब सरकार की ओर से बनाए गए स्मार्ट कार्ड भी बांटे। इस अवसर पर उनके साथ पंचायत सचिव कमलजीत कौर, गांव सफीपुर की सरपंच हरजिंन्दर कौर, सरपंच रणजीत सिंह गिल जगतपुरा आदि मौजूद रहे।