मोहाली। पैरा खिलाड़ी अनन्या बंसल ने एक बार फिर शहर और राज्य का नाम रोशन किया। अनन्या ने बेंगलुरु कर्नाटक में 23 मार्च से 26 मार्च 2021 तक आयोजित 19वीं राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शॉट पुट में रजत पदक जीता। अनन्या के पिता संदीप कमल ने बताया कि उनकी बेटी पिछले काफी साल से फेज-8 स्थित खेल मैदान पर अपने कोच मलकीत सिंह और स्वर्ण सिंह के नेतृत्व में कड़ी मेहनत कर रही है। कोच स्वर्ण सिंह खुद एक प्रशिक्षित एवं सेवानिवृत्त कोच हैं। उन्होंने अनन्या की सफलता के लिए उसके नियमित अनुशासन और प्रशिक्षण को इसका श्रेय दिया है। उन्होंने बताया कि उनकी ओर से प्रशिक्षित खिलाड़ी अभी तक राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मोहाली का नाम रोशन कर चुके हैं। हमारी पंजाब सरकार अन्य राज्यों के मुकाबले पैरा खिलाड़ियों पर काफी कम ध्यान देती है। आज तक अनन्या राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर तकरीबन 30 पदक लाकर मोहाली और पंजाब का नाम रोशन कर चुकी है। लेकिन पंजाब सरकार की ओर से कोई नकद पुरस्कार नहीं मिला। आने जाने का और रहने का पूरा खर्च अनन्या के माता-पिता ही उठाते हैं। उम्मीद है कि पंजाब सरकार भी अन्य राज्यों की तरह अपने खिलाड़ियों पर ध्यान देना शुरू करेगी।